मुजफ्फरनगर। पुलिस ने न्याजूपुरा निवासी चाहत के बाल व हड्डी का सैंपल सुरक्षित कराया है ताकि उसके परिजनों के मिलने के बाद उनका डीएनए टेस्ट कराकर मिलान कराया जा सके।
चाहत की हत्या उसके पति अरबाज ने अपने साथी शाहरुख के साथ मिलकर की थी। गिरफ्तार होने पर अरबाज ने पुलिस को बताया था कि चाहत कोटद्वार की रहने वाली थी लेकिन वह उसके घर के मूल पते व परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी।
पुलिस को जांच पड़ताल में चाहत का आधार कार्ड व 50 रुपये के स्टांप पर निकाहनामा भी मिला है। पुलिस ने दोनों की जांच शुरू की है। अब पुलिस ने डीएनए टेस्ट के लिए चाहत के बाल और हड्डी का नमूना सुरक्षित रख लिया है।
एसएसपी अभिषेक सिंह का कहना है कि चाहत के बारे में हर प्रकार की जानकारी जुटाई जा रही है। उसका निकाहनामा, आधार कार्ड की जांच चल रही है। उसके परिजनों की जानकारी जुटाई जा रही है। डीएनए के लिए चाहत के बाल व हड़्डी का सैंपल सुरक्षित कराया है ताकि उसके परिजनों के मिलने के बाद उनका डीएनए टेस्ट कराकर मिलान कराया जा सके।
यह था मामला
मोहल्ला न्याजूपुरा निवासी अरबाज ने उत्तराखंड के कोटद्वार निवासी चाहत के साथ सात माह पहले शादी की थी। वह उसे अपने परिजनों से अलग किराये के कमरे में लेकर रहता था। उसने दूध की डेयरी खोली थी। दोनों ने प्रेम प्रसंग के बाद शादी की थी।
अरबाज ने अपने साथी शाहरुख पुत्र रफीक निवासी जोगियो वाली गली न्याजूपुरा, मूल निवासी चूनसा गांव थाना बाबरी जिला शामली की मदद से अपनी पत्नी चाहत की गर्दन व हाथ के पंजे काटकर हत्या कर शव को बोरे में भर कर काली नदी में फेंक दिया था। 26 जून की रात दोनों आरोपी युवक बोरे को काली नदी के पानी में बहाने के लिए गए थे तब अरबाज को पकड़ लिया गया था जबकि शाहरुख फरार हो गया था। शाहरुख को एक जुलाई को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। दो जुलाई को उसकी निशानदेही पर चाहत की खोपड़ी बरामद की गई।