संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियां चल रही हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा कराए जाने को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए चार विशेषज्ञ ट्रेनर नियुक्त किए गए हैं।
बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 72 विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है, 72 ही केंद्र व्यवस्थापक हैं। जिन्हें आज परीक्षा कराए जाने को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिले में चार विशेषज्ञ प्रशिक्षक नियुक्त किए गए हैं, इनमें मेरठ के प्रशासनिक अधिकारी विजय कुमार, राजकीय इंटर कॉलेज मुजफ्फरनगर के उप प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट नितिन कुमार, सनातन धर्म इंटर कॉलेज मीरापुर के प्रधानाचार्य विकास कुमार, लाला सुखलाल सनातन धर्म इंटर कॉलेज पुरकाजी के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार शामिल हैं।
ये सभी 72 केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा कराए जाने के लिए प्रशिक्षण देंगे। इस दौरान परीक्षा से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं पर मंथन किया जाएगा। पीपीटी के माध्यम से कॉपी, प्रश्नपत्र के रख-रखाव और उन्हें लाने-लेजाने के लिए भी बिंदुवार बताया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण देने वाले जिले के तीनों प्रधानाचार्य को मेरठ में प्रशिक्षण दिया गया है, अब यह जिले में सभी केंद्र व्यवस्थाओं को इसके बारे में बताएंगे। परीक्षा को पूरी तरह से नकल विहीन और पारदर्शिता से कराने के लिए विभाग हर तरीके से तैयारी कर रहा है।