मुजफ्फरनगर। शाहपुर में आम आदमी पार्टी के नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हाजी मोहम्मद अकरम का एक महिला को पैसे देने का वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर प्रत्याशी के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया हैं। मीरापुर में सभासद प्रत्याशी के खिलाफ मिठाई बांटने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
शाहपुर थाने में मुकदमा दरोगा सत्यवीर सिंह ने दर्ज कराया। पुलिस का कहना है कि शाहपुर कस्बे में शांति व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पता चला कि चुनाव से संबंधित एक वीडियो वायरल हो रहा हैं। यह वीडियो नगर निकाय चुनाव से संबंधित थी। वीडियो देेखने पर पाया कि वर्तमान में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी कस्सावान निवासी हाजी मोहम्मद अकरम अपनी जेब से पैसे निकाल कर एक महिला को दे रहे हैं। जो चुनाव के मद्देनजर लागू आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन था।
दरोगा सत्य वीर सिंह ने इस बारे में अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद अधिकारियों के आदेश पर प्रत्याशी हाजी मोहम्मद अकरम के खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उधर, बताया गया कि आरोपी प्रत्याशी आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी के रुप में चुनाव लड़ रहे हैं। एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव का कहना हैँ कि आचार संहिता का उल्लंंघन करने का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की हैं। उधर, प्रत्याशी का कहना है कि मेरे खिलाफ राजनीतिक षडयंत्र रचा गया है। आरोप निराधार हैं।
उधर, मीरापुर में पुलिस ने बताया कि नगर पंचायत मीरापुर के वार्ड 13 से सभासद पद के प्रत्याशी शिवकुमार के वोटरों को लुभाने के लिए मिठाई बांटने की शिकायत मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रत्याशी को मिठाई बांटते हुए पकड़ लिया और थाने ले आई। पुलिस को उसके पास से 10 किलो मिठाई भी मिली थी। पुलिस ने सभासद को थाने से ही जमानत दे दी है।