दस जमातियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र के हॉटस्पॉट शेरनगर गांव में तीन मस्जिदों में क्वारंटीन किए गए दस जमातियों के खिलाफ लॉकडाउन तोड़ने और क्वारंटीन केंद्र से बाहर आकर गांव में भ्रमण करने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। शेरनगर में कोरोना पॉजिटिव के दो केस मिल चुके हैं। इस कारण यह गांव बीते एक माह से हॉटस्पॉट क्षेत्र में शामिल हैं। पुलिस ने विगत दिनों यहां पर कर्नाटक के तीन और महाराष्ट्र के सात जमातियों को तीन मस्जिदों में क्वारंटीन किया था। नई मंडी इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि गत दिवस हल्का इंचार्ज एसआई अनिल सागर इन जमातियों को चेक करने गए तो पता चला कि वो गांव में भ्रमण पर गए हैं। इन जमातियों ने लॉकडाउन को तोड़ा और क्वारंटीन होने के बावजूद गांव में भ्रमण कर ग्रामीणों से मिले। इस पर एसआई अनिल सागर की ओर से सभी दस जमातियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।