ईंट भट्ठे पर पानी से भरे गड्ढे में डूबने से हो गई थी चचेरे भाई-बहन की मौत
भाकियू नेताओं की अवैध खनन कराने वाले लेखपाल पर कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चरथावल। पुलिस ने गांव कसियारा के चचेरे भाई-बहन की मौत के मामले में भट्ठा मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और एससी/ एसटी एक्ट में मुकदमा कायम कर लिया है। भाकियू के युवा मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा ने परिजनों को मुआवजा और मिट्टी का अवैध खनन कराने वाले लेखपाल और खनन अधिकारी के निलंबन की मांग की।
बुधवार की शाम गांव से चारा लेने गए चचेरे भाई-बहन स्वाति और प्रियांशु उर्फ गुड्डू के शव देर रात पानी में भरे गड्ढे में मिले थे। स्वाति की मां का आरोप है ईंट भट्ठे के मालिक ने 15-16 फीट से ज्यादा मिट्टी उठाकर जमीन को समतल नहीं किया था। इससे बने गहरे गड्ढों में पानी भरने से घटना घटित हुई है। गड्ढों में डूबकर परिवार के दो बच्चों की मौत हो गई।
बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार राज कुमार और प्रवीण गुप्ता पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से घटना की पड़ताल की। मुआवजे संबंधी कागजात तैयार किए। भाकियू नेता विकास शर्मा क्षेत्र के किसानों को लेकर मौके पर पहुंचे। उनका आरोप था कि गांव का लेखपाल अवैध खनन करा रहे है। इससे क्षेत्र में अवैध मिट्टी के खनन का धंधा चल रहा था। गहरे गड्ढों के डूबने से दो बच्चों की जान गई है। उन्होंने खनन अधिकारी और लेखपाल को सस्पेंड कराने की मांग की।
नायब तहसीलदार ने लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया। उधर, मामले में धारा 304 एवं एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा कायम होने के कारण सीओ सदर ने तफ्तीश शुरू कर दी है।
एक साथ भाई-बहन की चिताएं देख फफक पड़े लोग
बृहस्पतिवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव गांव पहुंचे। परिजनों में कोहराम मच गया। एक साथ दो अर्थियां निकली तो हर किसी के आंखें नम हो गई। श्मशान घाट पर दो चिता देख ग्रामीण फफक पड़े। सीओ सदर यतेंद्र नागर, थाना प्रभारी आईपीएस अभिजीत कुमार, नायब तहसीलदार राज कुमार और अमित कुमार अंतिम संस्कार के समय मौजूद रहे।