देवबंद (सहारनपुर)। दिल्ली से देहरादून के लिए बुक कर लाई गई कार को देवबंद में उसमें सवार दो व्यक्तियों ने ही लूट लिया। विरोध करने पर चालक को धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया।
सोमवार की सुबह कार चालक सलीम खान ने पुलिस को सूचना दी कि सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे-59 स्थित साखन नहर के समीप दो युवकों ने उसे बंधक बनाकर उसकी कार लूट ली। विरोध करने पर उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और साखन नहर की पटरी पर लहूलुहान हालत में पड़े कार चालक सलीम खान से घटना की जानकारी ली। जिसे बाद में सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक पता चला कि लूट की घटना को अंजाम देने वाले दोनों युवकों ने दिल्ली के सराय काले खां से स्विफ्ट डिजायर कार देहरादून जाने के लिए बुक की थी। देवबंद में साखन नहर के समीप पहुंचते ही दोनों युवक चालक को घायल कर कार लूटकर फरार हो गए। कोतवाल प्रभाकर केंतुरा ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।