कैंटीन के संचालक का अंगूठा काटा
जानसठ। शराब कैंटीन के संचालक के द्वारा खाने के सामान के पैसे मांगने पर एक शराबी ने संचालक का मुंह से अंगूठा काट लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना भोपा क्षेत्र के गांव मलपुरा निवासी गौरव पुत्र कृष्णपाल ने थाने में पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसका चचेरा भाई अशोक कुमार पुत्र हरपाल निवासी मलपुरा जो जानसठ के खतौली तिराहे पर शराब की कैंटीन चलाते हैं। शनिवार की रात्रि करीब 9.30 बजे कैंटीन पर कस्बे के मोहल्ला हुसैनपुरा निवासी सुनील पुत्र मथन सिंह अपने एक अन्य अज्ञात साथी के साथ वहां पर शराब पीने के लिए आया। उसने कैंटीन संचालक अशोक कुमार से शराब पीने के लिए सामान मांगा। अशोक कुमार ने जैसे ही सामान के पैसे मांगे, तो सुनील पुत्र मथन सिंह ने कैंटीन संचालक अशोक कुमार के हाथ का अंगूठा अपने मुंह में लेकर उसको काट दिया। अंगूठा कटकर नीचे जमीन पर जा गिरा। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोगों ने कैंटीन संचालक को बचाया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से आरोपी सुनील को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।