संवाद न्यूज एजेंसी
मोरना। सेंक्चुरी क्षेत्र के गंगा नदी में जलीय जंतुओं का शिकार करने वालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए वन विभाग की टीम ने छापामारी कर शिकार के उपकरणों को बरामद किया व शिकारियों को दौड़ाया।
शुकतीर्थ क्षेत्र के बिहारगढ़, धारीवाला आदि क्षेत्र में मछली के शिकार होने की सूचना पर वन विभाग के दरोगा नंद किशोर, अमित कुमार, प्रमोद, दीपक, शीशपाल, राजकुमार आदि ने गुरुवार को अभियान चलाते हुए छापामारी की। मोटरबोट की सहायता से मछली का शिकार कर रहे शिकारियों को दौड़ा लिया। शिकारी घने जंगल मे फरार हो गए। वन विभाग की टीम ने मौके से लकड़ी की दो नाव, शिकार करने वाला जाल, ड्रम आदि को बरामद किया। साथ ही जीवित मछलियों को मुक्त कर गंगा में छोड़ दिया। क्षेत्राधिकारी सिंहराज सिंह पुंडीर ने बताया कि सेंक्चुरी क्षेत्र में किसी भी प्रकार के जन्तु के शिकार को पूर्णत: रोकने के लिए वन विभाग की टीम लगातार सक्रिय है। मछली का शिकार होने की सूचना पर छापामारी अभियान चला कर कार्रवाई की गई है। संवाद