जिला महिला अस्पताल और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में सौ से ज्यादा बालिकाओं का मनाया जन्मदिन
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिला महिला अस्पताल और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। बालिकाओं के केक काटकर जन्मदिन मनाया और उपहार भेंट किए गए। बालिकाओं और माताओं को सशक्त बनाने को जागरुक भी किया गया।
जिला महिला अस्पातल में कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश गौंड, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आभा आत्रेय और जिला बेसिक शिक्षा संघ की अध्यक्ष वंदना बालियान ने किया। इस दौरान 45 बालिकाओं का केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। उपहार के रुप में बेबी किट और माता की चुनरी समेत अन्य सामान भेंट किया गया। महिला कल्याण अधिकारी शिवांगी बालियान और बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार ने बालिकाओं और माताओं को सशक्त बनाने को भी जागरुक किया।
इसके अलावा जिले के सभी आठ कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पर भी दस-दस बालिकाओं का जन्मोत्सव मनाया गया। सदर ब्लॉक के कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल और बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दस बालिकाओं के केक काटकर जन्मदिन मनाया। इसके बाद सभी को एक-एक बैग, पेंसिल बॉक्स (पेंसिल, रबर, कटर आदि) और एक पानी की बोतल उपहार के रुप में भेंट की गई।