बुधवार को भैंसा बुग्गी दौड़ का सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
जानसठ क्षेत्र का बताया जा रहा मामला, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी के साथ वायरल हुआ। इसमें एक प्रतियोगिता के तहत भैंसा बुग्गी को दौड़ाना दिखाई दे रहा है। दर्जनों युवक बाइकों पर सवार होकर बुग्गी दौड़ाने वाले का हौसला बढ़ा रहे है। एक काली लग्जरी कार भी दिख रही है, जिसमें सवार चार युवक चेहरे को कपड़े से ढके हुए है और हथियार लिए हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने भैंसा बुग्गी की दौड़ की जांच शुरू की है।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो बुधवार सुबह वायरल हुआ तो सभी चौंक उठे। चंद मिनटों में यह वीडियो पूरे क्षेत्र में फैल गया। चर्चा शुरू हुई कि बुधवार की अलसुबह खतौली-मीरापुर मार्ग पर भैसा बुग्गी की दौड़ प्रतियोगिता कराई गई। दौड़ जीतने वाले को 71 हजार रुपये का इनाम दिया गया। यह जानलेवा दौड़ कई किलोमीटर की थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
कुछ लोगों का कहना हैं कि यह दौड़ मीरपुर दलपत से मनफोड़ा तक हुई हैं और यह क्षेत्र जानसठ थाने का है। पुलिस दौड़ का आयोजक कौन है, यह दौड़ कब हुई, किस रूट पर की गई, पुलिस इसके बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। सीओ डॉ रवि शंकर का कहना है कि वीडियो से दौड़ की जानकारी मिली। यह जानसठ थाने क्षेत्र का मामला हैं। पुलिस टीम इसकी जांच में लगाई गई हैं। उधर, जानसठ थाना प्रभारी विश्वजीत सिंह भी जांच में जुट गए है।
वाहनों को रोका गया होगा
दौड़ के दौरान सामने से कोई वाहन आता दिखाई नहीं दिया। संभवत: सामने से आने वाले वाहनों को कहीं पर रोका गया था।
मामले की जांच कराई जा रही है। कानून का उल्लंघन करने वाला कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - सत्य नारायण प्रजापत, एसपी सिटी
खतौली मीरापुर मार्ग पर भैसा बुग्गी दौड लगाते हुए साथ में बाइके।