पुलिस ने भट्टे पर काम करने वाले उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया खुलासा
पुलिस के मुताबिक, चौकीदार आरोपी की बहन पर बुरी नजर रखता था, इसीलिए हत्या की
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सलेमपुर में भट्ठे पर काम करने वाले चौकीदार अंकित (30) की रविवार की रात उसके साथी मजदूर ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हत्या में प्रयुक्त पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया हैं। पुलिस के मुताबिक मृतक चौकीदार आरोपी की बहन पर बुरी नजर रखता था। इसीलिए हत्या की गई।
कोतवाली प्रभारी आनंद देव मिश्र ने बताया कि चरथावल के गांव डूडाखेड़ा निवासी अंकित (30) पुत्र ओमप्रकाश गांव सलेमपुर के पास श्रीबालाजी ईंट भट्टा पर लगभग छह माह से चौकीदारी का काम करता था। उसके साथ राम कुमार उर्फ रामू पुत्र संजय निवासी लकड़संधा कोतवाली नगर भी काम करता था। पुलिस ने अनुसार, रविवार की रात दोनों ने एक साथ शराब पी। आरोप है कि रात में लगभग 11 बजे रामकुमार ने पिस्टल से अंकित के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया। सोमवार की सुबह पथाई का काम करने वाला सतेंद्र वहां पहुंचा। अंकित का शव देकर उसने इसकी सूचना भट्ठा संचालकों और पुलिस को दी। सुबह लगभग नौ बजे शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शक के आधार पर पुलिस ने रामकुमार उर्फ रामू को पकड़ा तो उसने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतक अंकित का राम कुमार के घर आना जाना था। आरोपी रामकुमार ने पुलिस को जानकारी दी कि अंकित उसकी बहन पर बुरी नजर रखता था। इसी के चलते साजिश रच कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने मृतक के भाई अजीत की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया।