चंदक। गंगा के दूसरे छोर पर बसे बिजनौर के गांव रामसहायवाला और हिम्मतपुर बेला में लोगों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया। हालांकि काफी मान मनौव्वल के बाद गांव वाले मान गए और मतदान शुरू कराया। हालांकि मतदान काफी कम संख्या में हुआ।
शुक्रवार को पूरे जिले में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ। मगर थाना मंडावर क्षेत्र के गांव ग्राम रामसहायवाला के लोगों ने मतदान केंद्र से दूरी बना ली। बाकायदा चुनाव के बहिष्कार का ऐलान करते हुए गांव में अब तक विकास नहीं होने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का आरोप था के उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जाता है। सरकार की मूलभूत सुविधाएं गांव तक नहीं पहुंची सकी हैं। बिजली, पानी, सड़क की सुविधा नहीं पहुंची। बहिष्कार के चलते दोपहर एक बजे तक 521 वोट में से केवल गांव निवासी आशा ने ही अपने मत का प्रयोग किया।
मतदान के बहिष्कार की सूचना पर सदर तहसीलदार के नेतृत्व में एक टीम ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को मतदान के लिए मनाने का प्रयास किया। दोपहर लगभग दो बजे भाजपा विधायक सूची मौसम के पति ऐश्वर्य मौसम चौधरी ने गांव जाकर ग्रामीणों से वोट करने की अपील की। जिसके बाद मतदान शुरू हुआ। हांलाकि बहुत कम लोगों ने मतदान किया।
ऐश्वर्य मौसम चौधरी ने बताया कि इन गांवों में सौलर लाइटें लगवाई जा रही है। तीन सड़कें भी बनवाई गई है। उनकी बिजली की समस्या के निस्तारण का आश्वासन भी दिया।