- सात जिलों के पशुओं के लिए बनेगा कॉल सेंटर, पशुपालकों को होगी आसानी
- मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी और इंडसइंड बैंक के अधिकारियों ने किए हस्ताक्षर
फोटो समेत
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। तुगलकपुर कम्हेड़ा के गाय अभयारण्य में दो फरवरी से गोवंशीय पशुओं को लाए जाने की तैयारी है। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान की मौजूदगी में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता और इंडसइंड बैंक के अधिकारियों ने ओएमयू पर हस्ताक्षर किए। पश्चिम के सात जिलों के पशुओं के उपचार के लिए कॉल सेंटर भी यहां स्थापित होगा।
इंडसइंड बैंक के अधिकारियों ने एटूजेड कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचकर केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि पशुओं के उपचार के लिए दवा, वेटरनरी डॉक्टर, सर्जन, दो पैरावेट, दो पशु आहार विशेषज्ञ, लैब असिस्टेंट और एक फॉर्म मैनेजर उपलब्ध कराएगा। बैंक के अधिकारियों ने सीवीओ डॉ. जितेंद्र गुप्ता के साथ एमओयू साइन किया। इंडसइंड बैंक चार साल तक अभयारण्य में यह सेवा देगा और करीब 20 करोड़ रुपये भी खर्च करेगा।
इस अवसर पर उद्यमी भीमसेन कंसल, उद्यमी कुशपुरी, आईआईए के पूर्व अध्यक्ष विपुल भटनागर, फेडरेशन ऑफ मुजफ्फरनगर कॉमर्स इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अंकित सिंघल, शिशुकांत गर्ग, शिवचरण गर्ग, सुरेंद्र अग्रवाल, इंडसइंड बैंक के एचआर हेड डॉ. प्रेमनाथ सिंह, किशोर शांबा मौजूद रहे। उधर, बैंक अधिकारियों ने कम्हेड़ा के गाय अभयारण्य का भ्रमण भी किया।
इन जिलों के पशुपालकों को लाभ
हरित प्रदेश दुग्ध सहकारी समिति के अंतर्गत आने वाले मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर, सहारनपुर, मेरठ, हापुड़ और बुलंदशहर में पशु उपचार के लिए एक कॉल सेंटर भी यहां शुरू किया जाएगा। इन सात जिलों के पशुपालक अपने पशु की चिकित्सा के लिए कॉल कर सेवा ले सकेंगे।
तीन संस्थाओं ने दिखाई दिलचस्पी
गाय अभयारण्य के संचालन के लिए अभी तक तीन संस्थाओं ने दिलचस्पी दिखाई है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि मुजफ्फरनगर की श्री गोवर्धन सेवा समिति समेत तीन संस्था आगे आई है। एक फरवरी तक संस्था का चयन कर लिया जाएगा और दो फरवरी से पशु लाए जाएंगे।
सीएम ने दी सहमति, पीएम के आने की संभावना
गाय अभयारण्य का उद्घाटन फरवरी के आखिरी सप्ताह में कराए जाने की तैयारी चल रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सहमति दे दी है, लेकिन अभी तक तिथि तय नहीं हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी कार्यक्रम में आने की संभावना है।
सड़क पर नहीं रहेगा एक भी पशु : बालियान
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि फरवरी माह में जिले के खेतों और सड़क पर एक भी पशु नहीं रहेगा। जनसहयोग से ही अभयारण्य चलेगा। ग्रामीण सहयोग करेंगे तो एक-एक गांव के पशुओं को लाया जाएगा।