संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन ने जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। कार्यालय परिसर में ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर नारेबाजी की। बकाया गन्ना भुगतान, गन्ना डायवर्जन और गन्ना मूल्य सहित कई मांगे उठाई गई।
बुढ़ाना की भैसाना मिल पर बकाया भुगतान को लेकर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डीसीओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरु किया। उन्होंने कहा कि गन्ने का भुगतान न होने की वजह से किसान भुखमरी की कगार पर है। गन्ना अधिकारी इस मामले में जरा भी दिलचस्पी लेने को तैयार नहीं है।
भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने कहा कि भैसाना मिल पर बकाया गन्ना भुगतान जल्द से जल्द कराया जाए। मिल सत्र चालू हो चुका है, गन्ना मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक यह मांगे पूरी नहीं होगी, तब तक धरना जारी रहेगा। भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल पर भट्टी चढ़ाकर अपने खाने का इंतजाम किया। इस मौके पर विकास शर्मा, देव अहलावत, मोनू, प्रताप प्रधान, गुलाब चौधरी, गुलबहार, अंकुर राठी, प्रमोद, सुधीर राठी, हवा सिंह मौजूद रहे।