भोपा। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक कार्यकर्ताओं ने रसूलपुर उप विद्युत केंद्र पर धरना दिया और वहां मौजूद अधिकारी को अपने बीच में बैठा लिया। काफी देर बाद समस्या के समाधान का आश्वासन मिलने पर धरना समाप्त किया।
भाकियू (अ) के ब्लॉक उपाध्यक्ष अंकित जावला, निशांत कादीपुर के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने रसूलपुर विद्युत उप केंद्र पर धरना प्रदर्शन किया। वहां मौजूद जेई जावेद अख्तर को अपने बीच मेंं बैठा लिया और चेतावनी दी कि जब तक धरना चलेगा वह भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठे रहेंगे। आरोप लगाया कि विद्युत विभाग कर्मचारी चेकिंग करने के नाम पर अवैध वसूली करते है। विद्युत बिल में गड़बड़ी की जा रही है। इस तरह की कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा समस्या के समाधान का आश्वासन देने के बाद धरना प्रदर्शन समाप्त किया गया। इस मौके पर मंडल महासचिव विपिन त्यागी, राजपाल , अवनीश चौहान, घनश्याम शर्मा, शहजाद, अमजद, रकीब आदि मौजूद रहे।
अमानत में खयानत का आरोप लगाया
ककरौली। थानाक्षेत्र के गांव ककरौली निवासी शहजाद ने थाना ककरौली में दी तहरीर में बताया कि उसने गांव के ही रहने वाले उस्मान को दो वर्ष पूर्व कपड़े का कारोबार शुरू करने के लिए 1 लाख 35 हजार रुपये एडवांस दिए थे। आरोपी युवक कुछ दिन काम करके बिक्री के कपड़े लेकर फरार हो गया। अब पीड़ित जब आरोपी से अपने रुपये मांगता है तो वह गाली-गलौज करता है व मारपीट पर उतारू हो जाता है। पीड़ित ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
नकली स्पेयर पार्ट्स बरामद, दो दुकानदार पकड़े
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना पुलिस ने टीवीएस कंपनी के नाम से नकली पार्ट बेचने वाले दो दुकानदारों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ कापी राइट एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
टीवीएस कंपनी और वी एंड कंपनी के अधिकारियों ने थाना सिविल पुलिस से शिकायत की थी कि कुछ व्यापारियों द्वारा उनकी कंपनी के नकली पार्ट्स बेचे जा रहे है। शुक्रवार को कंपनी के अधिकारी विप्लव विश्वास और तन्मय घोष ने सिविल लाइन पुलिस के साथ आर्य समाज रोड स्थित अजमत मार्केट में दो दुकानों से टीवीएस और वी एंड कंपनी के नाम से नकली पार्ट मिले। जांच के बाद कंपनी अधिकारियों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी जुनेद निवासी संधावली व खालापार निवासी खुर्शीद को गिरफ्तार कर लिया और नोटिस देकर छोड़ दिया गया।