मुजफ्फरनगर। चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा सांसद कंगना रनौत को थप्पड़ मारने की आरोपी कुलविंदर कौर के पक्ष में भाकियू खुलकर उतर आई है। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि सुरक्षाकर्मी से सिर्फ बहस हुई है, कंगना को थप्पड़ नहीं मारा गया। नेताओं को किसानों और अन्य लोगों पर गलत बयानबाजी बंद कर देनी चाहिए।
शुक्रवार को भाकियू प्रवक्ता ने बयान में कहा कि हवाई अड्डे पर जो हुआ, उसके पीछे किसान आंदोलन के दौरान की गई बयानबाजी वजह है। उनका कहना था कि सीआईएसएफ की सुरक्षाकर्मी ने कोई थप्पड़ नहीं मारा, बल्कि सवाल किया और इस पर बहसबाजी हो गई। सौ-सौ रुपये में महिलाओं के आंदोलन में बैठने के बयान पर लड़की आहत थी।
उन्होंने यह भी कहा कि पूरा पंजाब लड़की के साथ है। सुरक्षाकर्मी की जितनी गलती है, उस पर उतनी ही धारा लगनी चाहिए। सस्पेंड कर नौकरी से हटा देना गलत है। ऐसे मामलों की जांच होनी चाहिए। फौज में किसान परिवारों के बच्चे हैं। नेता भी किसानों और किसान आंदोलन को लेकर बयानबाजी बंद करें। किसानों को खालिस्तानी समर्थक कहना गलत है। किसी भी आंदोलन को जबरदस्ती नहीं दबाया जा सकता।