गांव तिसंग में भाजपा का अनुसूचित समाज का सम्मेलन आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को उन्नत बनाने का काम किया है। भाजपा जनता से अपने काम के दम पर वोट मांगती है। सपा सरकार में दलितों की बरात को पीट दिया जाता था, जबकि भाजपा सरकार में उन्हें सुरक्षा दी जाती है।
शनिवार को गांव तिसंग में आयोजित अनुसूचित समाज के सम्मेलन में राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार ने प्रदेश को उन्नति की ओर ले जाने का काम किया है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने जब संविधान तैयार किया तो प्रत्येक नागरिक को 1949 से ही वोट देने का अधिकार दिया गया। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल ने ऐसे प्रत्याशी को खड़ा किया है, जो आपके बीच का नहीं है।यह चुनाव योगी और मोदी को धन्यवाद देने का चुनाव है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने गुंडों का सफाया किया है। भयमुक्त समाज की स्थापना करने में भाजपा सरकार की अहम भूमिका रही है। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक वर्ग की सुरक्षा भाजपा में ही सुनिश्चित है। सम्मेलन की अध्यक्षता राजकुमार सिद्धार्थ ने की। इस दौरान जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, यशपाल पंवार, पूर्व विधायक प्रमोद उटवाल, रवि प्रकाश, जसवंत सिंह, अमित कसाना, राजन वालिया, राहुल सैनी, अमित गुर्जर, रोशन लाल सैनी, राजू भैया मौजूद रहे।