नवनियुक्त चौधरी बोले, खाप की एकता और समाज उत्थान के लिए कार्य करेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। गुलिया खाप की पंचायत में सर्वसम्मति से बिल्लू प्रमुख को खाप का चौधरी बनाया गया। उन्होंने कहा कि खाप की एकता और समाज उत्थान के लिए कार्य करेंगे।
गांधी नगर में खाप की पंचायत शंकर सिंह भोला के आवास पर हुई। वक्ताओं ने कहा कि खाप का गौरवशाली इतिहास रहा है। खाप को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कुल्हेड़ी निवासी बिल्लू प्रमुख को खाप में यूपी का चौधरी बनाया गया। संरक्षक मनोज कुमार मिंटू ने नवनियुक्त चौधरी को टीका लगाकर और खाप प्रतिनिधियों ने विधिवत रूप से उत्तर प्रदेश खाप चौधरी की पगड़ी बिल्लू प्रमुख के सिर पर बांधी।
खाप चौधरी ने कहा कि सामाजिक एकता के लिए वह कार्य करेंगे। युवाओं से आह्वान किया वह उच्च शिक्षा हासिल कर समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करें। इस मौके पर चौधरी शंकर सिंह भोला, चंद्रपाल सिंह गुलिया, राकेश गुलिया, विजेंद्र सिंह गुलिया, ओमवीर सिंह, कुलदीप सिंह गुलिया, राजन सिंह गुलिया, कैप्टन कृष्ण पाल सिंह गुलिया ,सुशील सिंह गुलिया, करण सिंह गुलिया, ओमपाल सिंह गुलिया मौजूद रहे।