खतौली फलावदा रोड पर हुई सउ़क दुर्घटना के बाद हंगामा करते मौहल्लेवासी।
खतौली। मिल में गन्ना डालकर आ रही ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से बाइक सवार युवक के घायल होने पर लोगों ने हंगामा कर जाम लगा दिया। चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने पहुंच कर लोगों को समझा कर शांत किया। घायल को उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया है। युवक की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई।
फलावदा रोड पर बने मिल के गेट से गन्ना वाहन आते जाते हैं। बुधवार शाम मिल में गन्ना डालकर लौट रहे ट्रैक्टर-ट्राॅली के चालक ने सामने से आ रही बाइक में मार दी। बाइक पर दो युवक सवार थे। उनमें से एक गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली को छोड़कर भाग गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सड़क दुर्घटना की सूचना पर आर्य पुरी भूड़ के लोगों ने हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। हंगामा जाम की सूचना पर इंस्पेक्टर अपराध व चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे।
मोहल्लेवासी ओवर लोड वाहनों के साथ तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे। काफी देर चले हंगामे के बाद पुलिस ने गुस्साई भीड़ को समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया। इंस्पेक्टर अपराध सतेंद्र नागर ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मेरठ के बक्सर के गंगानगर निवासी आकाश घायल हुआ है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।