हिंडन पुल के पास आलू से लदे ट्रक की टक्कर से हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
तितावी (मुजफ्फरनगर)। हिंडन पुल के पास आलू से लदे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शामली के गांव बहावड़ी निवासी 25 वर्षीय दुष्यंत अपने साथी गांव मोहम्मदपुर माडर्न निवासी अजय और एक अन्य के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। हिंडन पुल के पास शामली की तरफ से आलू की बोरियां लेकर आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दुष्यंत की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके दोनों साथी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को पकड़ लिया। साथ ही दोनों घायलों को मेरठ रेफर किया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि अभी हादसे की तहरीर नहीं आई है।