विद्युत निगम पर लगाया किसानों को परेशान करने का आरोप, धरना शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता के कार्यालय में तालाबंदी कर धरना शुरू कर दिया। चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान होने तक धरना जारी रहेगा।
भाकियू कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर आवास विकास कॉलोनी स्थित अधीक्षण अभियंता के कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कार्यालय में तालाबंदी कर दी और मुख्य गेट पर धरना देकर बैठ गए। कहना था कि फर्जी बिजली बिल भेज कर किसानों को परेशान किया जा रहा है। बिजली चोरी के झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। इसके अलावा अभी भी किसानों के नलकूपों पर बिजली मीटर लगाए जा रहे हैं। इसके विरोध में धरना प्रदर्शन शुरू किया गया है। जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक धरना जारी रहेगा।
दोपहर बाद कार्यालय पहुंचे अधीक्षण अभियंता सोनम सिंह को कार्यकर्ताओं ने धरने पर अपने बीच बैठा लिया। समस्याओं को लेकर किसानों और अधिकारियों की बातचीत हुई, लेकिन समाधान नहीं निकला। तहसील अध्यक्ष राहुल अहलावत, ब्लॉक अध्यक्ष सतेंद्र चौहान, प्रभात सैनी, परवेंद्र ढाका, भारतवीर आर्य ने विचार व्यक्त किए।
धरने की अध्यक्षता ठाकुर मदन गहलौत और संचालन परवेंद्र ढाका ने किया। इस दौरान प्रमोद अहलावत, अंकुश प्रधान, खड़क सिंह सैनी, ओमप्रकाश मलिक, संजय चौहान, प्रभात सैनी, संदीप सोम, नरेश चौहान, सचिन चौधरी और जुल्फिकार उपस्थित रहे।