शाहपुर। कस्बे के मोहल्ला कस्सावान में लगाए गए ट्रांसफार्मर को लेकर कई दिन से विवाद चल रहा था। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने दोनों पक्षों से वार्ता कर समझौता करा दिया।
कस्बा निवासी हसन ने लघु उद्योग लगाने के लिए विद्युत निगम से कनेक्शन मंजूर कराया था। जिसके बाद विद्युत निगम के कर्मचारियों ने लगाए गए लघु उद्योग तक विद्युत पहुंचाने के लिए मोहल्ला कस्सावान स्थित एक गली के किनारे पर विद्युत ट्रांसफार्मर लगा दिया। जिसका मोहल्ला वासियों ने विरोध शुरू कर दिया। मोहल्ला वासियों का कहना था कि यहां पर पहले से ही विद्युत निगम का ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। इसके अलावा पास ही स्थित इस्लामिया मदरसे में आने जाने वाले बच्चों के लिए भी खतरा बन गया है। इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था।
शुक्रवार की शाम भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ट्रांसफार्मर का मौका मुआयना करने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी अकरम कुरैशी के कैंप कार्यालय पर पहुंचे। भाकियू सुप्रीमो ने दोनों पक्षों से बातचीत कर कहा कि आपसी समझौते से बड़े-बड़े विवाद का समाधान हो जाता है। सभी अपना अहम छोड़ कर विवाद को निपटाए। विद्युत निगम के जेई श्याम किशोर ने बताया कि दोनों पक्ष ट्रांसफार्मर हटाने को लेकर सहमत हो गए हैं। ट्रांसफार्मर को ऐसे स्थान पर लगाया जाएगा जहां से किसी को भी परेशानी का सामना न करना पड़े ।इस दौरान हाजी शाहिद त्यागी, यामीन कुरैशी, मुर्सलीन राइन, जुल्फिकार कुरैशी आदि मौजूद रहे ।