मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन ने विभिन्न मांगों को लेकर डीसीओ कार्यालय पर मंगलवार को दूसरे दिन भी धरना दिया। डीसीओ कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने भाकियू का झंडा लगा दिया। कार्यालय पर तालाबंदी की। देर शाम एसडीएम सदर ने पहुंच कर समस्याएं पूछी और धरना समाप्त करने के लिए कहा। लेकिन किसानों मांग पूरी न होने तक धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया।
भाकियू ने बुढ़ाना की भैसाना मिल पर बकाया भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर डीसीओ कार्यालय पर सोमवार को धरना दिया था जो मंगलवार को भी जारी रहा। सुबह के समय भाकियू नेता विकास शर्मा आदि ने डीसीओ कार्यालय पर भाकियू का झंडा लगा दिया। भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने मांग पूरी न होने तक धरना जारी रखने का ऐलान किया।
देर शाम एसडीएम सदर परमानंद झा ने पहुंच कर धरनारत किसानों की समस्याएं जानीं और गन्ना विभाग अधिकारियों से बातचीत कर मांग जल्द पूरी कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त करने को कहा लेकिन किसानों ने मांग पूरी होने पर धरना समाप्त करने को कहा। धरने पर जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा, विकास शर्मा, मोनू पंवार, मोनू ठाकुर, नीटू त्यागी, कपिल सोम सहित सैकडों किसान मौजूद रहे।