मारपीट कर महिला को घर से निकाला
खतौली। विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।
देवबंद क्षेत्र के थाना बड़गांव के गांव नूना बढ़ी निवासी मुरसलीन की पुत्री शहजादी की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व गांव गालिबपुर निवासी मिजाज के पुत्र आदिल के साथ हुई थी। विवाहिता ने बताया कि उसके दो पुत्री पैदा हुई थी। इस बार भी एक महीना पूर्व दो जुड़वा पुत्री पैदा हो गई। चार पुत्रियां पैदा होने के बाद पति और उसके परिजन पुत्र नहीं होने के कारण विवाहिता से मारपीट करने लगे। आरोप है कि बृहस्पतिवार को पति आदिल और उसके परिजनों ने विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इस बात की जानकारी होने पर विवाहिता का पिता मुरसलीन, चाचा मसरूर तथा भाई नईम गालिबपुर आए। मामले की जानकारी लेने के लिए बेटी की ससुराल पहुंचे। आरोप है कि आदिल और उसके परिजनों ने विवाहिता के पिता मुरसलीन, नईम और मसरूर को मारपीट कर घायल कर दिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में विवाहिता के भाई नईम ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।