पेशकार और अधिवक्ता के बीच हुई हाथापाई के मामले ने तूल पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
जानसठ। तहसील के न्यायिक तहसीलदार के पेशकार और अधिवक्ता के बीच हुई हाथापाई के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पेशकार द्वारा अधिवक्ता के विरुद्ध झूठा मुकदमा दर्ज कराने और अधिवक्ता की ओर से मुकदमा दर्ज नहीं करने के विरोध में बार संघ अधिवक्ताओं ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की हैं। शनिवार से हड़ताल शुरू की जाएगी।
तहसील में 21 अक्तूबर को न्यायिक तहसीलदार की कोर्ट में पेशकार रतनलाल और अधिवक्ता मित्रसेन के बीच फाइल देखने को लेकर विवाद और हाथापाई हो गई थी। इसके बाद पेशकार ने बार संघ सचिव प्रमोद कुमार शर्मा और अधिवक्ता मित्रसेन पर मारपीट करने व सरकारी फाइलें फाड़ने का आरोप लगाते हुए थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया था। मुकदमा दर्ज कराने को लेकर बार संघ अधिवक्ताओं में आक्रोश बना था। यह मामला गरमाया हुआ हैं। पीड़ित अधिवक्ता मित्रसेन ने भी थाने में पेशकार और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया हैं। शुक्रवार को बार संघ अध्यक्ष प्रद्युम्न भेंटवाल के नेतृत्व में बार संघ सभागार में अधिवक्ताओं की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पीड़ित अधिवक्ता मित्रसेन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया हैं। इसके विरोध में बार संघ अधिवक्ता शनिवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल पर रहेंगे।