तितावी में बस स्टेंड लालू खेड़ी पर स्थित सैंकड़ों वर्ष पुराने मंदिर नागेश्वर धाम को ध्वस्त करता
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
एसडीएम सदर की मौजूदगी में लालूखेड़ी में हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
तितावी। प्रशासन की टीम की ओर से पानीपत-खटीमा राजमार्ग के निर्माण में बाधा बने सहकारी बैंक, पेट्रोल पंप और मंदिर को शुक्रवार को हटा दिया गया। एक माह पहले प्रशासन ने इन्हें नोटिस जारी किया था।
शामली से मुजफ्फरनगर के बीच इस समय फोरलेन हाइवे पर तेजी से काम चल रहा है। हाईवे निर्माण में कई प्रकार की बाधाएं लगातार आ रही थी। लालूखेड़ी में रास्ते के बीच में आए पेट्रोल पंप, जिला सहकारी बैंक की शाखा और मंदिर को हटाने के लिए एक माह पहले नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के बाद भी प्रक्रिया पूरी नहीं की गई। शुक्रवार को एसडीएम सदर परमानंद झा अपनी पूरी टीम के साथ लालूखेड़ी पहुंचे और जेसीबी से निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई प्रारंभ की। पेट्रोल पंप स्वामी ने एक घंटे का समय मांगा तो दिया गया। इसके बाद एसडीएम ने अपनी मौजूदगी में मंदिर, पेट्रोल पंप और जिला सहकारी बैंक की शाखा की बिल्डिंग को ध्वस्त कर दिया गया। एसडीएम ने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार का निर्देश है कि सड़कों का निर्माण तेजी के साथ पूरा किया जाए, जो बाधाएं उन्हें लगातार दूर किया जा रहा है।