चंधेड़ी गांव के प्राथमिक विद्यालय में सोलर पैनल भेंट करते बैंक के अधिकारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। भारतीय स्टैट बैंक के अधिकारियों ने प्राथमिक विद्यालय चंधेड़ी के बच्चों को भीषण गर्मी से बचाने के लिए स्कूल को सोलर पैनल का दान किया। इस मौके पर क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य प्रबंधक प्रदीप गर्ग ने बच्चों को मेहनत व लगन से पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
भारतीय स्टैट बैंक की शाखा बुढ़ाना द्वारा मंगलवार को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय से आए मुख्य प्रबंधक प्रदीप गर्ग व शाखा बुढ़ाना के प्रबंधक सुनील जैन अन्य अधिकारियों की टीम के साथ तहसील क्षेत्र के गांव चंधेंड़ी पहुंचे। उन्होंने गांव के प्राथमिक विद्यालय चंधेड़ी को सोलर पैनल का दान किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय मुख्य प्रबंधक प्रदीप गर्ग ने कहा कि सोलर पैनल के लगने से स्कूल की बिजली की समस्या का समाधान होगा। भीषण गर्मी में बिजली न होने पर बच्चों को परेशानी का सामना नही करना पड़ेगा। उन्होंने बच्चों को मेहनत व लगन से पढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अध्यापकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य है। इन्हें अच्छे संस्कारों के साथ शिक्षा दी जानी चाहिए। उप प्रबंधक राकेश कौशल ने भी बच्चों को मेहनत से पढ़ने तथा उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर बैंक के कई अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।