नगर के बाल सुधार गृह का निरीक्षण करते केद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। राजस्थान में छुआछूत के चलते एक स्कूली बच्चे की मौत का मामला सामने आने के बाद केंद्र सरकार सतर्क हो गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने बुधवार को बाल संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण किया। उनके सामने बच्चों ने अपनी पीड़ा भी रखी और झूठे फंसाने का आरोप लगाया।
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ऑनलाइन बैठक के बाद आर्यपुरी स्थित बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचे। बालियान ने बताया कि दो शिक्षक बच्चों को पढ़ाते हुए मिले और सफाई व्यवस्था भी सही मिली। बच्चों ने बताया कि भोजन उन्हें सही मिल रहा है। कुल 37 बच्चे यहां मिले। कुछ बच्चों ने अपनी निजी पीड़ा उनके सामने रखी है। बच्चों ने बताया कि उन्हें झूठा फंसाया गया हैं। गरीबी के कारण उनके परिवार वाले विरोध भी नहीं कर पाए। कुछ प्रकरण ऐसे है जिनकी जांच कराई जाएगी। प्रकरण संवेदनशील और बच्चों के जीवन से जुड़े हैं।
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो
राजस्थान के जालोर में मटकी से पानी पीने की घटना पर छात्र के साथ मारपीट और उसकी मौत दुर्भाग्यपूर्ण है। दोषी पर राजस्थान सरकार को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। समाज के लिए इस तरह की घटनाएं बहुत ही दुखद है।
पालिका से 300 गज जमीन दिलाएंगे
डॉ संजीव बालियान ने कहा कि यहां बाल संप्रेक्षण गृह के पास जमीन कम है। ऊपर से दो बच्चे भाग चुके हैं, ऐसे में सारे बच्चे नीचे के कमरों में रहते हैं। बराबर में पालिका की 300 गज खाली जमीन है। इस जमीन को बाल संप्रेक्षण गृह को दिलाने के लिए प्रशासन से बात की जाएगी।