विवाहिता से दुष्कर्म का प्रयास, मारपीट
मुजफ्फरनगर। उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार के रुड़की निवासी नवविवाहिता ने नई मंडी कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि कुछ दिन पूर्व उसकी शादी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले के युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज में दस लाख रुपये और गाड़ी की मांग कर रहा था। इसका विरोध करने पर शादी के बाद से ही विवाहिता को प्रताड़ित किया जा रहा था। पीड़िता का आरोप है कि शनिवार रात जेठ उसे अकेली पाकर उसके कमरे में घुस गया और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर पति समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और शिकायत करने पर नवविवाहिता के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति व जेठ समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद