संवाद न्यूज एजेंसी
भोपा (मुजफ्फरनगर)। थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर महिला से दुष्कर्म करने के आरोपी और साजिश में शामिल उसकी पत्नी के घर की कुर्की की हैं। दोनाें इस मामले में फरार चल रहे है। दो अन्य आरोपी जेल में बंद है।
प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि तीन नवंबर 2021 को एक महिला ने थाने पर मुकदमा दर्ज कराया था कि 19 अक्टूबर 2021 को क्षेत्र के एक कस्बा निवासी भूपेंद्र अपनी पत्नी रुबी के साथ उसे बेचने के आशय से घूमाने के बहाने सीकरी रोड ले गया था। इनका साथी जितेंद्र वैन लेकर आया। उसे वैन में बैठाकर नशीला पदार्थ सुंघाकर उसे बेहोश कर दिया। दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। अगले दिन उसे सचिन निवासी ग्राम खानुपुर थाना मंसूरपुर को बेच दिया। सचिन ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। उसे 26 अक्टूबर 2021 को कार में बैठाकर मोरना छोड़ दिया गया। राहगीर के फोन से पीड़िता ने अपने पति को बुलाकर घटना बताई। मामले में चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। घटना में नामजद जितेंद्र और सचिन जेल में बंद है जबकि आरोपी भूपेंद्र और उसकी पत्नी रूबी फरार चल रहे थे। न्यायालय के आदेश पर रविवार को उनके घर की कुर्की की गई।