सोमवार सुबह नलकूप पर पड़ा मिला था आशीष का शव
पति की मौत के बाद उसकी मां के हो गए थे अनैतिक संबंध
संबंधों के विरोध पर मां के प्रेमी ने गला घोंटकर की थी हत्या
पुलिस ने मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव कुरथल निवासी किशोर आशीष उर्फ काला हत्याकांड का मंगलवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। एसएसपी विनीत जायसवाल के मुताबिक आशीष की हत्या उसकी मां के प्रेमी ने गला घोंटकर की थी। अनैतिक संबंध का विरोध करने पर ही यह हत्या की गई थी। पुलिस ने मृतक की मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
एसएसपी विनीत जायसवाल ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता में बताया कि सोमवार सुबह बुढ़ाना क्षेत्र के गांव कुरथल में आशीष उर्फ काला (16) का शव नलकूप पर पड़ा मिला था। उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि मृतक के पिता मामचंद की लगभग दस साल पहले मौत हो गई थी। इसी दौरान उनके घर पर गांव के ही सतेंद्र उर्फ नाधा पुत्र चमन ठाकुर ने आना जाना शुरू कर दिया था। मृतक की मां मुनेश और सतेंद्र के बीच प्रेम संबंध बन गए। वारदात की रात इसी अनैतिक संबंध के विरोध में आशीष का अपनी मां के साथ खाने पर विवाद हुआ था। वह खाने की थाली फेंककर नलकूप पर सोने चला गया। यह बात मुनेश ने सतेंद्र को बताई थी। योजना बनाकर सतेंद्र तो नलकूप पर चला गया, जबकि मुनेश घर पर ही रही। सतेंद्र ने नलकूप पर मौजूद आशीष को पीछे से पकड़कर गला घोंटकर मार दिया और शव छिपाने के उद्देश्य से नलकूप में डाल दिया। मामला खुलकर सामने आने पर पुलिस ने मृतक की मां मुनेश और उसके प्रेमी सतेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। दोनों का चालान कर दिया।
मां ने ही लिखवाया था हत्या का मुकदमा
एसएसपी के मुताबिक मृतक की मां मुनेश ने ही अज्ञात बदमाश के खिलाफ बेटे की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था, ताकि कोई उस पर शक न कर सकें। उसे बेटे की हत्या के बारे में पूरी जानकारी थी।
आशीष करता था विरोध
एसएसपी के मुताबिक सतेंद्र का घर आना जाना आशीष को अच्छा नहीं लगता था। वह दोनों का विरोध जताता था और झगड़ा करता था। इसी विरोध के चलते उसकी हत्या कर दी गई।