दुर्घटनास्थल पर जानकारी लेती पुलिस
गांव मोहनपुर निवासी ऋषिपाल की रीढ़ में दर्द होने के कारण एंबुलेंस से लाया जा रहा था मुजफ्फरनगर
मृतकों में एंबुलेंस चालक भी, पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में कराया भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
मोरना/भोपा (मुजफ्फरनगर)। भोपा थाना क्षेत्र के जौली-बेहड़ा सादात मार्ग पर तिस्सा गांव के पास आयशर कैंटर और एंबुलेंस की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस सवार बिजनौर निवासी दंपती सहित तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि चार गंभीर घायल है। मरने वालों में एंबुलेंस चालक भी शामिल है।
बिजनौर के हल्दौर क्षेत्र के गांव मोहनपुर निवासी ऋषिपाल की रीढ़ की हड्डी में दर्द होने के कारण उनके भाई मामराज, पत्नी बेबी, बढ़ापुर क्षेत्र के बंजारों वाला टांडा निवासी परमजीत उर्फ पिंटू और एंबुलेंस चालक पोंटा गामड़ी निवासी सुभाष मुजफ्फरनगर के लिए चले थे। भोपा थाना क्षेत्र के जौली-बेहड़र सादात मार्ग पर तिस्सा गांव के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे आयशर कैंटर की एंबुलेंस से आमने-सामने की टक्कर हो गई। वाहन टकराने का शोर दूर तक सुना गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में ऋषिपाल, उनकी पत्नी बेबी और एंबुलेंस चालक की मौत हो गई, जबकि परमजीत उर्फ पिंटू, मामराज गंभीर घायल हो गए। कैंटर में सवार शाहपुर थाना क्षेत्र के सांझक निवासी कल्लू, शेरकोट के मंदोरा निवासी महेंद्र भी घायल हुए हैं। मृतकों के शव भोपा अस्पताल में भिजवाए गए, जबकि घायल जिला अस्पताल में भर्ती हैं। कैंटर में प्लास्टिक के पाइप लदे हुए हैं। बताया जा रहा है कि कल्लू बिजनौर क्षेत्र में पाइप बिछाने के लिए जा रहा था।