मुजफ्फरनगर। कोरोना से बचाव का टीका पूरी तरह सुरक्षित है। इससे बचाव के लिए यह जरूरी है कि पूरे परिवार को टीके का सुरक्षा घेरा दिया जाए। कोरोनारोधी टीकाकरण के लिए अभिभावक जागरूक और बच्चे उत्साहित हैं।
शहर के नई मंडी निवासी व्यापारी अमित जैन बुधवार को आर्य समाज में अपनी बेटी प्रियल जैन और आवेशी जैन को टीका लगवाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि अब उनके परिवार का शत-प्रतिशत टीकाकरण हो गया है। टीके लगवाने से उन्हें और उनके बच्चों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। बेटियों की झिझक दूर कर उनका टीकाकरण कराया।
खतौली के मोहल्ला राजाराम निवासी नीरज जैन ने बताया कि उनका परिवार शत-प्रतिशत टीकाकरण करा चुका है। परिवार के प्रत्येक सदस्य ने अपने आयु वर्ग का नंबर आते ही टीका लगवाया। वह खुद बूस्टर डोज ले चुके हैं। बीमारियां से बचाव के लिए टीका बेहद कारगर साबित हुआ है।
बच्चे बोले, टीके से डर नहीं लगता
जिला अस्पताल में पिता के साथ टीकाकरण कराने पहुंचे गांधीनगर निवासी अनुभव पुत्र सुशील पंवार का कहना है कि टीके से डर नहीं लगता। पापा ने समझाया भी और साथ भी आए। किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। रोहाना चीनी मिल निवासी धैर्य जैन ने कहा कि उन्होंने पहली डोज ले ली है और अब दूसरी का इंतजार है। शिक्षकों और अभिभावकों ने टीके के बार में पूरी जानकारी दी है।
जिले में किस उम्र के लोगों का कितना टीकाकरण
उम्र प्रथम डोज दूसरी डोज
45 से ऊपर 631915 437197
18 से ऊपर 1413434 1280999
बच्चों को जिले में लगी 11.8 प्रतिशत डोज
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि बुधवार तक जिले में 32530 बच्चों का टीकाकरण हुआ है। लक्ष्य के मुकाबले यह 11.8 प्रतिशत है। टीकाकरण में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है।
हर पात्र व्यक्ति को लगेगा टीका
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. शरण सिंह का कहना है कि जिन परिवारों के सदस्य रह गए हैं, उन्हें भी अपना टीकाकरण करा लेना चाहिए। अपना नंबर आने पर टीकाकरण जरूर कराएं, इससे परिवार को सुरक्षा मिलती है।