खतौली। भैसी निवासी मनीष चौधरी ने मुख्य चुनाव अधिकारी नई दिल्ली को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि खतौली विधानसभा का उपचुनाव लड़ने के लिए वह भी पर्चा भरना चाहता था। मगर, चुनाव अधिकारी/ एसडीएम खतौली ने उन्हें फीस जमा करने के लिए बैंक भेज दिया। जब वह वापस आया तो उसे कार्यालय से बाहर भेजा कि दूसरा प्रत्याशी फार्म जमा कर रहा है। इसके बाद कार्यालय का गेट बंद करा दिया, जिससे वह अपना पर्चा दाखिल न कर सके। आरोप लगाया कि उसके अधिकारों का हनन किया गया, जिस कारण वह पर्चा दाखिल नहीं कर सका। उसने मुख्य चुनाव अधिकारी सहित राष्ट्रपति, मुख्य न्यायाधीश सुप्रीमकोर्ट, मुख्य न्यायाधीश हाईकोर्ट, लोक सभा अध्यक्ष, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, केंद्रीय कानून मंत्री, मुख्यमंत्री, डीजीपी सहित अन्य अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर चुनाव अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।