मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में शुक्रवार को होने वाले मतदान के मद्देनजर जिले के सभी विद्यालयों में आज अवकाश रहेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव ने बताया कि नर्सरी से कक्षा 12 तक के परिषदीय, माध्यमिक, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड से संचालित सभी विद्यालय बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत ऐसे शिक्षक और कर्मचारी, जो संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता हैं, उन्हें मतदान के लिए अवकाश दिया गया है। शिक्षकों और कर्मचारियों के मतदान में शामिल होने के कारण शिक्षण कार्य प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि अगर किसी विद्यालय में अर्धवार्षिक परीक्षाएं अथवा प्रयोगात्मक परीक्षाएं प्रस्तावित हैं तो विद्यालयों के प्रधानाचार्य आगामी तिथि में समायोजित करना सुनिश्चित करें। संवाद