मुजफ्फरनगर। वायु प्रदूषण का ग्राफ बार-बार खतरनाक स्तर पर पहुंच रहा है। रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 के पार पहुंच गया। दिन में एक बार एक्यूआइ 317 दर्ज किया गया जो शाम को 4.30 बजे तक 305 पर पहुंच गया। जनपद के एक्यूआई में दिन भर उतार-चढ़ाव चलता रहा। पहाड़ों में बर्फबारी के बाद से सुबह ओर शाम के समय ठंड होने लगी है। तापमान नीचे जाने के कारण शाम को स्मॉग की स्थिति बन जाती है। वायु प्रदूषण में भी इजाफा हो रहा है। नवंबर माह की शुरुआत 319 एक्यूआई से हुई थी। उसके बाद से जनपद में वायु गुणवत्ता सूचकांक तीन बार 300 से ऊपर जा चुका है। इन हालात में सांस और अस्थमा रोगियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को वायु प्रदूषण का स्तर अचानक बढ़ गया, जिस कारण आम आदमी को भी सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई।