मुजफ्फरनगर। अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होने पहुंचे रामपुर के युवाओं ने कहा कि मौसम खराब है। ट्रैक और मैदान पर रेत का पर्याप्त इंतजाम किया जाना चाहिए। ट्रैक गीला होने से दौड़ में मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा है।
बृहस्पतिवार को शारीरिक परीक्षा देकर लौटे रामपुर के ओमवीर ने कहा कि मुजफ्फरनगर में अभ्यर्थियों के लिए रहने-खाने का अच्छा इंतजाम किया गया है। लेकिन मौसम के कारण मुश्किलें हो रही है। सेना के अधिकारी ट्रैक सुखाने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। ट्रैक और मैदान पर रेत अगर डाल दिया जाए तो कीचड़ से छुटकारा मिल सकता है। रामपुर के ही मोनू ने कहा कि अच्छा इंतजाम किया गया है। थोड़ी बहुत परेशानी सिर्फ मौसम को लेकर आ रही है। सुबह जब बारिश हुई तो युवाओं को टीन शेड में बिठाया गया था। ट्रैक सुखाने के लिए प्रशासन को रेत का इंतजाम करना चाहिए।
आज शामली के युवा फरेंगे भर्ती में फर्राटा
अग्निवीर भर्ती रैली में शुक्रवार को शामली के युवा दमखम दिखाएंगे। बृहस्पतिवार शाम से ही युवाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। अभ्यर्थियों को वेदांता फार्म हाउस में ठहराया गया है। अलसुबह मेरठ रोड से प्रवेश दिया जाएगा। शामली सदर, कैराना और ऊन तहसील के युवा प्रतिभाग करेंगे।
टिकैत ने अभ्यर्थियों को खिलाया भोजन
भाकियू कार्यकर्ताओं ने सेना की भर्ती में शामिल होने आए अभ्यर्थियों को भोजन खिलाया। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत दोपहर के समय महावीर चौक स्थित कार्यालय पहुंचे और यहां युवाओं को भोजन कराया गया। रालोद कार्यालय, रोडवेज स्टैंड के पास गुरुद्वारे में भी भोजन की व्यवस्था की गई है।
अभ्यर्थियों की मदद के लिए बढ़ रहे हाथ
सेना भर्ती में शामिल होने आ रहे अभ्यर्थियों की मदद के लिए हाथ बढ़ाए जा रहे हैं। सामाजिक और राजनीतिक संगठन युवाओं के लिए भोजन का इंतजाम भी कर रहे हैं। इसके अलावा ठहरने की व्यवस्था भी की गई है।