- ठेकेदारों की जमानत राशि वापस करेगी नगरपालिका
- थर्मोप्लास्टिक सड़क निर्माण उचित नहीं होने की रिपोर्ट पर लिया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका 14 माह पूर्व पारित दो प्रस्तावों को निरस्त कर ठेकेदारों की जमानत राशि वापिस करेगी। इन दोनों प्रस्तावों को लेकर अब परिस्थितियां बदल गई है और कार्य होने की स्थिति में नहीं है।
पूर्व चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल के कार्यकाल में स्वीकृत हुए दो विकास कार्यों को निरस्त कर ठेकेदार की जमानत राशि लौटाने का प्रस्ताव बोर्ड बैठक में लाया जाएगा। 18 जून 2022 की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव आया था कि 8.52 लाख रुपये के बजट से रजवाहा रोड स्थित नाले से बालाजी मंदिर रोड तक मंडी की साइड पेड़ पौधे लगाए जाने के लिए वायर फेसिंग का कार्य होगा। ठेकेदार मैसर्स राज एसोसिएशन ने व्ययानुमान से 16 प्रतिशत कम बिलों पर निविदा डालीं जो 6.34 लाख की प्राप्त होने पर स्वीकृत कर ली गई।
जीएसटी सहित 7.10 लाख रुपये में इस कार्य के लिए प्रशासक ने अक्टूबर 2022 में स्वीकृति प्रदान कर दी। फरवरी 2023 में कार्य आदेश मिलने के बाद जब ठेकेदार ने कार्य प्रारंभ करने का प्रयास किया तो वहां पर पुलिस विभाग के द्वारा डिवाइडर लगा दिए जाने से सड़क की चौड़ाई घट गई और कार्य नहीं किया जा सका। यहां पर लोगों की जान का खतरा देखते हुए इस कार्य को निरस्त करने की तैयारी है। इसी प्रकार स्टेडियम रोड पर थर्मोप्लास्टिक रोड लाइन व टैंट कैट आई लगाने का कार्य को अंजू अग्रवाल ने जनवरी 2022 में स्वीकृति दी थी। इसका ठेका ठेकेदार सुकरम पाल तोमर को 4.57 लाख में दिया गया। यहां जल निगम ने सीवर लाइन बिछाई थी। इसके कारण यहां पर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। इसी कारण यहां थर्मोप्लास्टिक सड़क निर्माण उचित नहीं होने की रिपोर्ट के कारण इसको भी निरस्त किया गया है। पालिका अब इन दोनों ठेकेदारों को जमानत धनराशि वापस करने की तैयारी में है।