कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करते एडीजी राजीव सभरवाल, एसएसपी विनीत जायसवाल, एसपी सिटी अर्पित विजयवर?
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। एडीजी राजीव सभरवाल और एसएसपी विनीत जायसवाल ने अधिकारियों के साथ नगर क्षेत्र में कांवड़ सुरक्षा के मद्देनजर भ्रमण किया। दोनों वर्गों के लोगों से संवाद कर उनसे सुरक्षा के बारे में सुझाव मांगे। कांवड़ियों के साथ शालीन व्यवहार करने के साथ उनकी हर संभव मदद करने के निर्देश दिए।
एडीजी और एसएसपी ने कांवड़ मार्ग सिसौना कट, बागोवाली चौराहा, रामपुर तिराहा का निरीक्षण किया। अस्पताल तिराहा, रुड़की रोड, कच्ची सड़क, मदनी चौक, शिव चौक आदि स्थानों पर कांवड़ मार्ग का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को चेक किया। कांवड़ मार्ग में लगाए सीसीटीवी, बैरियर व्यवस्था और चेतावनी-सांकेतिक बोर्ड चेक किए।
एडीजी ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी इस बात का विशेष तौर पर ध्यान रखें कि यदि किसी कांवड़ यात्री के साथ कोई अप्रिय घटना होती है अथवा उनकी तबीयत खराब होती है तो उसे तुरंत उपचार दिलाए। कांवड़ यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करें। उनकी हर संभव सहायता करें। मार्ग डायवर्जन प्लान को कड़ाई से लागू कराते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखें। मंदिरों को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों पर कांवड़ियों के सुरक्षित आवागमन के लिए व्यवस्था बनाएं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर अर्पित विजयवर्गीय, पुलिस अधीक्षक यातायात कुलदीप सिंह सहित सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।
आपसी सौहार्द बनाए रखें
एडीजी ने पैदल भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी सुझावों का आदान प्रदान किया। सभी से अपील कर कहा कि आपसी सौहार्द बनाए रखें। किसी भी भ्रामक खबर पर ध्यान न दें। जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।