तितावी। शामली मार्ग पर कार सवार तीन युवकों ने स्कूल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को लिफ्ट देकर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि युवकों ने खुद को विक्की त्यागी गैंग का सदस्य बताया। मारपीट करने के बाद कार सवार युवक पीड़ित को एक होटल के पास छोड़कर फरार हो गए।
मुजफ्फरनगर के मोहल्ला दक्षिणी कृष्णापुरी निवासी अर्जुन कैराना के जैन कन्या इंटर काॅलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। वह शामली में सूरजमल चौक के पास खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक कार में सवार तीन युवक पहुंचे और हरिद्वार जाने का रास्ता पूछने लगे। अर्जुन ने वाया मुजफ्फरनगर होकर जाना बताते हुए उनसे मुजफ्फरनगर तक कार में लिफ्ट ले ली।
आरोप है कि युवकों ने उसे बैठाने के बाद शामली से आगे निकलते ही खुद को विक्की गैंग का सदस्य बताया। अर्जुन ने भी विक्की त्यागी के गांव पावटी खुर्द में अपनी रिश्तेदारी होने की बात कही। आरोप है कि इस पर युवकों ने अर्जुन के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। उसे लालूखेडी के पास एक होटल के बाहर छोड़कर फरार हो गए। पीडि़त ने कार का नंबर नोट कर पुलिस को बताया। पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।