- रविवार तड़के वाहनों के टकराने की आवाज और हवा में गूंज उठी चीख- आसपास के लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। कैथोड़ा के पास दो वाहनों में हुई भीषण टक्कर के दौरान कंटेनर में फंसे घायलों की चीख पुकार दूर तक सुनी गई। मौके पर पहुंचे दर्जनों लोग बचाव में जुट गए। लोगों ने कंटेनर में फंसे लोगों को बाहर निकाला और पुलिस की मदद से सभी को अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है।
पूर्व प्रधान हाजी महबूब, वर्तमान प्रधान शमीम अहमद, नजर मोहम्मद, शादाब आलम आदि ने कहा कि इस मोड़ पर आए दिन हादसे होते रहते है। यहां हादसों की रोकथाम के लिए व्यवस्था किया जाना जरूरी है। दिल्ली-पौड़ी हाईवे पर कस्बा मीरापुर में गांव कैथोड़ा के पास बना मोड़ खूनी कहा जाने लगा है। यहां आए दिन कोई न कोई छोटा या बड़ा हादसा होता रहता है। एक साल पहले इसी मोड़ पर खाली ट्रैक्टर-ट्राॅली व बरात की बस में टक्कर हुई थी, तब दो बरातियों की मौत हुई थी।
रविवार सुबह एक बार फिर मोड़ पर हादसा हुआ और इस बार पिता-पुत्री सहित तीन की मौत हो गई। यहां मोड़ पर अक्सर हादसे होते हैं। रात व दिन में तेज दौड़ते वाहन अचानक एक-दूसरे के सामने आ जाते हैं और हादसा हो जाता है। आसपास सड़क किनारे रहने वाले लोग व उनके परिवार के सदस्य भी संभल कर सड़क पार करते हैं। गहरे मोड़ पर शासन, प्रशासन व ग्राम पंचायत की तरफ से सड़क हादसे रोकने के लिए कोई भी रिफ्लेक्टर आदि व्यवस्था नहीं की गई है।
अधिकारियों की टीम ने किया निरीक्षण
रविवार दोपहर यातायात पुलिस निरीक्षक उम्मेद कुमार यादव, पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर अनिल कुमार, सीओ जानसठ शकील अहमद, परिवहन विभाग के अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। यातायात निरीक्षक उम्मेद कुमार यादव ने बताया कि शासन के आदेश पर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
दुर्घटना की सूचना पर मृतकों के परिजन थाने पहुंचे। मृतक के बड़े भाई के पुत्र सुभाष पुत्र छोटेलाल ने अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राला चालक के विरुद्ध तेजी व लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी मीरापुर रवेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। हादसे में कंटेनर चालक दिनेश (43) तथा कंटेनर में बैठे नेकपाल (42), उनकी बेटी निधि (6) की मौत हुई है। जबकि नेकपाल की पत्नी राजकुमारी (35), पुत्री स्वाति (10), दूसरी पुत्री सोनम (12), पुत्र सचिन (9) घायल हुए हैं।
दुर्घटना के बाद मौके पर क्षतिगस्त टैक्टर ट्राली व कैटर ।संवाद