संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। आप कार्यकर्ताओं ने खाने-पीने की आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी के विरोध में महावीर चौक पर प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह जनहित को दरकिनार कर रही है।
आप जिला अध्यक्ष अरविंद बालियान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही भाजपा की सरकार ने पिछले दिनों खाने-पीने सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी लगाकर आटा, दाल, दूध, अस्पताल के कपड़े जैसे रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों का मूल्य बढ़ाने का कार्य किया हैं। पहले से ही कमर तोड़ महंगाई की मार झेल रही आम जनता को मोदी के इस दमनकारी फैसले ने हिला कर रख दिया। डीजल, पेट्रोल, गैस के बढ़े हुए मूल्य से पहले से परेशान जनता को सरसों का तेल 250 रुपये लीटर तक खाने को मजबूर किया गया और अब बच्चों के दूध पर भी जीएसटी लगा दिया गया। जिला संगठन प्रभारी अजय चौधरी, नगर अध्यक्ष सरदार जसकरण सिंह, संजीव मान ने कहा कि मोदी सरकार ने पूंजीपतियों का 11 लाख करोड़ माफ किया है। एक डॉलर की कीमत 80 रुपये के बराबर हैं और इसका फायदा चंद पूंजीपति भ्रष्टाचारियों को पहुंचेगा।