मुजफ्फरनगर। महाराष्ट्र से बहन व पत्नी के साथ तारीख पर मुजफ्फरनगर आया युवक वापसी में रेलवे स्टेशन से लापता हो गया। युवक के परिजनों ने जीआरपी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। परिजनों ने जीआरपी थाना पुलिस ने कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
महाराष्ट्र के जयभीम नगर घाटी औरंगाबाद निवासी जयश्री पगारे का मंसूरपुर के गांव नावला निवासी विकास के साथ विवाद चल रहा है। 29 जुलाई को कोर्ट में तारीख थी। वह अपने भाई विजय पंडित पगारे व उसकी पत्नी प्रिया पगारे के साथ मुजफ्फरनगर कोर्ट में तारीख पर आई थी।
जयश्री पगारे का कहना है कि तारीख के बाद शाम चार बजे वह सभी वापस जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे। वह ट्रेन में चढ़ नहीं पाए थे और उनकी ट्रेन निकल गई थी। वह अगली ट्रेन का इंतजार करने लगे तभी उसका भाई विजय पंडित पगारे लापता हो गया। काफी तलाशने पर नहीं मिला। जीआरपी थाने में तहरीर दी गई। परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। बृहस्पतिवार को डीएम कार्यालय में शिकायत की गई। उधर, जीआरपी थाना पुलिस ने बताया कि युवक की गुमशुदगी दर्ज है। पुलिस उसे तलाश रही है।