चरथावल। बधाई कलां गांव में दोस्त की घुड़चढ़ी में गए युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। शव नाली में पड़ा मिला।
सैदपुरा कलां निवासी सुशील (26) निकटवर्ती गांव बधाई कलां में दोस्त के शादी समारोह में शामिल होने गया था। शनिवार देर रात घुड़चढ़ी का कार्यक्रम चल रहा था। मेहमान और परिजन गानों पर नाच रहे थे। बताया कि दूल्हे की घोड़ी आगे चल रही थी। इस दौरान मेहमानों के पीछे चल रहा युवक अचानक नाली में गिर गया, उस समय रात एक बज रहे थे। किसी ने पीछे मुड़ कर नहीं देखा। रविवार सुबह युवक का शव नाली में पड़ा मिला। उधर, मामले की जानकारी होते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि युवक संभवत: शराब का अधिक सेवन करता था। नशे के कारण नाली में गिरने से मौत होने का अनुमान है। मामले की जांच की जा रही है। साथ ही मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हालांकि परिजनों ने इस संबंध में कोई तहरीर कि नहीं दी है।