ककरौली। तेवड़ा गांव में निर्माणाधीन कोल्हू में नींव रखते समय गड्ढे में गिरने से ढांग के नीचे दबकर गोरखपुर निवासी मजदूर मुन्ना लाल (49) की मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के तेवड़ा गांव में जाहिद के पास गोरखपुर जनपद के झंगहा थानाक्षेत्र के मझगांव निवासी मुन्ना लाल मजदूरी करता था। गांव निवासी शमीम के कोल्हू का निर्माण कार्य चल रहा था तथा गड्ढे में पुरानी ईंटों की नींव रखी जा रही थी। शनिवार दोपहर पैर फिसलने से अचानक मुन्ना लाल गड्ढे में गिर गया तथा संतुलन बिगड़ने से नींव की भारी-भरकम ढांग उसके ऊपर गिर गई। नीचे दबकर सिर में चोट लगने से वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। अन्य मजदूरों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला । निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।