भोपा। भोपा निवासी एक परिवार तीन पीढ़ी से रामलीला में रावण का जबरदस्त किरदार निभाता चला आ रहा है। पहले बाबा, फिर पिता और अब बेटा रावण का बेहतरीन रोल अदा कर रहा है। भोपा कस्बे में रामलीला का मंचन पिछले 120 वर्षों से होता चला रहा है। वैसे तो रामलीला मंचन में समस्त ग्राम वासियों का सहयोग रहता है। अगर हम रावण के बेहतरीन अभिनय रोल की बात करें तो भोपा के पंडित वेद प्रकाश शर्मा लगभग 60 वर्ष पूर्व रावण का बेहतरीन रोल अदा करते थे। इसके बाद पंडित वेद प्रकाश शर्मा के बेटे अश्वनीकांत शर्मा ने यादगार रावण का रोल अदा किया। वर्तमान में अश्वनीकांत के बेटे चुन्नू शर्मा रावण का अभिनय करते हैं जिनके अभिनय को देखने के लिए रामलीला में भारी भीड़ उमड़ती है। इसी के साथ ही जहां स्वर्गीय अश्वनीकांत शर्मा रामलीला के कई वर्षों तक डायरेक्टर रहे अब वर्तमान में उनका बेटा चुन्नू शर्मा युवा रामलीला कमेटी के डायरेक्टर हैं। इसके साथ ही इसी परिवार में हरीश कांत शर्मा हनुमान जी का, मिंटू शर्मा बाली का रोल करते हैं। इसी परिवार की अनिल कांत शर्मा रामलीला कमेटी के संरक्षक है।