बाबरी । किसान के खेत में लावारिस हालत में नवजात बच्ची मिलने से सनसनी फैल गई। किसान ने पुलिस को मामले की सूचना दी है।
क्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी किसान ईश्वर सिंह के खेत शामली-मुजफ्फरनगर मार्ग पर स्थित हैं। मंगलवार को किसान अपने खेतों पर पानी चलाने के लिए गया था। इसी बीच उसे खेत पर बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। किसान वहां पहुंचा तो खेत की डोल पर एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में पड़ी हुई थी। किसान ने बच्ची को मौके से उठाते हुए उसके वारिसों को ढूंढने के लिए इधर-उधर आवाज लगाई, लेकिन काफी समय तक भी मौके पर किसी के भी नहीं पहुुंचने पर किसान नवजात को अपने घर ले गया। बुधवार को किसान ने परिजनों के साथ स्थानीय थाने पहुंचकर पुलिस को इसकी जानकारी दी। थानाध्यक्ष केके शर्मा ने बताया कि बच्ची लावारिस हालत में खेत से बरामद हुई है। फिलहाल बच्ची किसान के परिवार में हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस आवश्यक जांच पड़ताल में जुट गई है।