खतौली, 20 जनवरी। तिगाई गांव में मुख्य मार्ग का निर्माण न होने और बारिश के बाद कीचड़ जमा होने से गुस्साए ग्रामीणों ने प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह गली गांव का मुख्य मार्ग है, मगर आज तक इस मार्ग का पक्का निर्माण नहीं कराया गया। सफाई न होने के कारण नाली का पानी मुख्य मार्ग पर जमा होने से जलभराव रहता है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है। बच्चों को भी स्कूल में इसी जलभराव से होकर जाना पड़ता है। जरा सी बारिश पर इस गली में कई फुट पानी जमा हो जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि मार्ग के निर्माण, नाली निर्माण और सफाई के लिए कई बार ग्राम प्रधान से लेकर तहसील दिवस में भी दिया गया, मगर इस ओर कोई कार्रवाई नहीं हुई और न ही समस्या का निदान हो सका। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का निदान नहीं हुआ तो तहसील और जिला मुख्यालय पर भी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में जवाहरलाल, दिनेश कुमार, मल्हू, सुरेंद्र कुमार, विनोद कुमार, राजेंद्र कुमार आदि ग्रामीण शामिल रहे।