मुजफ्फरनगर। नई मंडी के अवध विहार में गाय चुराकर भाग रहे एक चोर को लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला, जबकि उसका साथी छुरा दिखाकर भागने में कामयाब हो गया।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के अवध विहार निवासी सुमंत पाल शर्मा के घेर की दीवार में सेंध लगाकर बुधवार की रात ढाई बजे के करीब दो बदमाश अंदर दाखिल हो गए और गाय चोरी करके सड़क पर पहुंच गए। इसी बीच जाग होने पर शोर मचा तो मुहल्ले के लोग एकत्र हो गए, इनमें से एक चोर को गाय समेत पकड़ लिया, जबकि दूसरा छुरा दिखाकर भागने में सफल हो गया। गुस्साएं लोगों ने पकड़े चोर की पिटाई की, जिससे वह अधमरा लहूलुहान हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अधमरे चोर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे गुरुवार की सुबह 9.45 बजे मृत घोषित कर दिया गया। मारे गए चोर का नाम इमरान उर्फ सईद निवासी अजमत कॉलोनी बताया गया है। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इमरान की मौत की सूचना मिलने पर उसके परिजन भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इस घटना की बाबत कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि भागे चोर को भी तलाश किया जा रहा है।