पुरकाजी। कस्बे के मोहल्ला झोझगान में ओमप्रकाश शुक्रवार सवेरे करीब छह बजे घर में चाय बना रहा था। इसी दौरान एक जगह से पाइप कटा होने पर सिलिंडर में आग लग गई। इससे परिवार में हड़कंप मच गया। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और आग बुझाने का प्रयास किया। मगर, आग नहीं बुझने पर घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पर नगर पंचायत चेयरमैन जहीर फारूकी ने पानी का टैंक मौके पर भेजा। काफी मशक्कत कर घंटों बाद आग पर काबू पाया गया। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया था।